शक्ति नहर में कूदा युवक, SDRF ने बरामद किया शव

24 वर्षीय अभिषेक कुमार ने लगाई थी भीमवाला पुल से छलांग, SDRF ने चलाया सर्च अभियान

विकासनगर( उत्तराखंड बोल रहा है)।
देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र में मंगलवार को शक्ति नहर में एक युवक के कूदने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुँची और गहन सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को थाना विकासनगर से SDRF को सूचना मिली कि भीमवाला पुल, शक्ति नहर में एक युवक ने छलांग लगा दी है।
अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुँची और नहर में सर्चिंग अभियान शुरू किया।

कुछ घंटों की मेहनत के बाद टीम ने एक युवक का शव बरामद किया, जिसकी पहचान अभिषेक कुमार (उम्र 24 वर्ष, पुत्र संजय कुमार, निवासी भीमवाला, विकासनगर) के रूप में हुई। SDRF टीम ने शव को आवश्यक कानूनी कार्यवाही हेतु जिला पुलिस को सुपुर्द कर दिया।

फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रूप से घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।