भरोसे की हैट्रिक! भाजपा ने एक बार फिर जताया विश्वास
नवीन ठाकुर लगातार तीसरी बार बने उत्तराखण्ड भाजपा के प्रवक्ता
सहसपुर में जश्न का माहौल, कार्यकर्ताओं ने कहा – पार्टी का ‘युवा चेहरा’ और ‘जमीनी आवाज’ हैं ठाकुर
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखण्ड ने संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क में अपनी सशक्त भूमिका निभा रहे नवीन ठाकुर पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार तीसरी बार प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह निर्णय न केवल पार्टी के अंदर उनकी स्वीकार्यता को दर्शाता है बल्कि उनके नेतृत्व कौशल, वक्तृत्व कला और जन-जुड़ाव की क्षमता की भी पुष्टि करता है।
नवीन ठाकुर की पुनर्नियुक्ति की खबर मिलते ही उनके गृह क्षेत्र सहसपुर में हर्ष की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी और कहा कि पार्टी ने सही व्यक्ति को यह जिम्मेदारी सौंपी है, जो लगातार जनता और संगठन के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं।
अपने पूर्व कार्यकालों में ठाकुर ने भाजपा की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई। मीडिया और जनसंपर्क के क्षेत्र में उनकी सक्रियता ने पार्टी की छवि को सशक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी साफ़ और प्रभावशाली वाणी ने उन्हें प्रदेश नेतृत्व का विश्वसनीय प्रवक्ता बना दिया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि नवीन ठाकुर का पुनः प्रवक्ता बनना युवा वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। वे अपने अनुभव, ऊर्जा और जनता से गहरे जुड़ाव के साथ पार्टी की नीतियों को और अधिक सशक्त ढंग से जनता तक पहुँचाने में जुटे रहेंगे।
