उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
लोकहित में जिला प्रशासन का बड़ा फैसला, संडे बाजार शहर से बाहर शिफ्ट
देहरादून। (उत्तराखंड बोल रहा है)
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक बड़ा और जनहितकारी निर्णय लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर लैंसडाउन चौक के निकट रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाले रविवार साप्ताहिक (संडे) बाजार को अब आईएसबीटी देहरादून के समीप उत्तराखण्ड मेट्रो रेल शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम लिमिटेड की भूमि पर स्थानान्तरित कर दिया गया है।
रविवार के दिन रेंजर्स ग्राउंड में संडे बाजार लगने से लैंसडाउन चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक तथा क्रॉस रोड तिराहों पर भारी यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। बाजार में आने वाले लोगों और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आम नागरिकों के साथ-साथ बुजुर्गों, बच्चों और आकस्मिक सेवाओं को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

जिला प्रशासन के अनुसार, रेंजर्स ग्राउंड के समीप दून अस्पताल, दून मेडिकल कॉलेज, प्रमुख कार्यालय और मुख्य मार्ग स्थित हैं। ऐसे में संडे बाजार के कारण एम्बुलेंस सेवाओं तथा मरीजों के आवागमन में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही थी, जो जनहित के प्रतिकूल था। इसी को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन ने कड़ा लेकिन आवश्यक कदम उठाया है।
रविवार वीकली बाजार कल्याण समिति द्वारा भी रेंजर्स ग्राउंड से बाजार को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानान्तरित करने का अनुरोध किया गया था। इस संबंध में आयोजित बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद जिलाधिकारी ने लोकहित में रेंजर्स ग्राउंड में रविवार साप्ताहिक बाजार के संचालन पर रोक लगाने तथा इसे आईएसबीटी के समीप मेट्रो रेल लिमिटेड की भूमि पर स्थानान्तरित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, यह नई व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक उक्त भूमि पर मेट्रो परियोजना से संबंधित वास्तविक कार्य प्रारंभ नहीं हो जाता।
प्रशासन के इस निर्णय से शहरवासियों को रविवार के दिन लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं सार्वजनिक परिवहन और आवश्यक सेवाओं का संचालन भी अधिक सुचारु रूप से हो सकेगा।
