उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
खतरनाक मांझे की बिक्री पर सख्ती जरूरी, दुकानदारों के खिलाफ हो कड़ी कार्रवाई : नेगी
विकासनगर।(उत्तराखंड बोल रहा है)
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने खतरनाक कांच-लेपित व नायलॉन मांझे (पतंग की डोरी) की खुलेआम बिक्री पर गहरी चिंता जताते हुए ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों से वार्ता करते हुए नेगी ने कहा कि शासन और पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बावजूद कुछ दुकानदार थोड़े से लालच में लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।
नेगी ने कहा कि यह घातक मांझा इतना मजबूत होता है कि सड़क पर चलते स्कूटर या मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की गर्दन तक काट देता है, जिससे कई बार गंभीर हादसे हो जाते हैं। इतना ही नहीं, इस जानलेवा मांझे की चपेट में आकर बेजुबान पक्षियों की जान चली जाती है, उनके पंख और गर्दन कट जाती है, जो अत्यंत पीड़ादायक और अमानवीय है।
उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मांग की कि ऐसे लालची दुकानदारों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर छापेमारी की जाए और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का अपराध करने से पहले सौ बार सोचे।
मोर्चा अध्यक्ष ने दुकानदारों को नसीहत देते हुए कहा कि यदि ईश्वर न करे, कभी उनके अपने परिजन इस घातक मांझे की चपेट में आ जाएं, तब उन्हें इस दर्द का अहसास होगा। जन संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट किया कि वह इस गंभीर मुद्दे को लेकर जल्द ही पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात कर कठोर कार्रवाई की मांग करेगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान मोर्चा महासचिव आकाश पंवार एवं विजय राम शर्मा भी मौजूद रहे।
