स्टोन क्रेशर स्वामी की दबंगई बर्दाश्त नहीं, किसानों को धमकी देना गंभीर अपराध – जन संघर्ष मोर्चा
विकासनगर। (उत्तराखंड। बोल। रहा। है।) ग्राम ढकरानी में स्टोन क्रेशर स्वामी द्वारा किसानों के साथ किए जा रहे कथित उत्पीड़न और जान से मारने की धमकियों को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने कड़ा रुख अपनाया है। किसानों के आग्रह पर गांव पहुंचे जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने किसानों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही स्थिति का जायजा लिया।

किसानों ने बताया कि गांव के लगभग 30–35 किसानों की करीब 100 बीघा भूमि तक जाने वाला रास्ता स्टोन क्रेशर स्वामी द्वारा बंद कर दिया गया है। जब किसानों ने इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने और जमीन में गाड़ देने तक की धमकियां दी गईं, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
बैठक के दौरान नेगी ने किसानों के भूमि संबंधी दस्तावेजों की गहनता से जांच की और कहा कि किसानों का किसी भी सूरत में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले स्टोन क्रेशर स्वामी से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा और साथ ही प्रशासन से भी इस गंभीर मामले में वार्ता की जाएगी।

नेगी ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्टोन क्रेशर स्वामी की होगी।
उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि जन संघर्ष मोर्चा उनके साथ मजबूती से खड़ा है और किसी भी हाल में शोषण नहीं होने दिया जाएगा।
इस बैठक में प्रवीण शर्मा पिन्नी, चौधरी रकम सिंह, इलम सिंह, हुकम सिंह, सलीम खान, हाजी नसीम, सुदेश चौधरी, शमशाद, वीर सिंह, हरपाल, हनीफ, समून, मेहंदी, वहीद हसन, ऋषिपाल, गफूर, हारून, सरवर, समीम, नजीर, अरशद सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
