ईमानदार अफसर पर हमला, सिस्टम कटघरे में — एसडीओ के समर्थन में उतरा जन संघर्ष मोर्चा
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। वन विभाग कालसी के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल पर हुए हमले के बाद जन संघर्ष मोर्चा खुलकर उनके समर्थन में आ गया है। मोर्चा ने साफ कहा कि ईमानदार अधिकारियों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा पिन्नी ने बताया कि 27 फरवरी को एसडीओ नौटियाल पर माफिया गुर्गों द्वारा किया गया हमला केवल एक अधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि हमले के बाद विभाग की ओर से अपेक्षित सख्ती और समर्थन देखने को नहीं मिला।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक कर्मठ और ईमानदार अधिकारी का साथ देने के बजाय विभाग ने माफिया दबाव में उनका हल्द्वानी तबादला कर दिया, जिस पर बाद में न्यायालय को रोक लगानी पड़ी। पिन्नी ने सवाल उठाया कि आखिर क्यों ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों को अकेला छोड़ दिया जाता है और माफिया तत्वों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं।
मोर्चा ने कहा कि वन अधिकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा हालात सिस्टम की कमजोरी को उजागर करते हैं। साथ ही चेतावनी दी कि पछवादून क्षेत्र में माफियागिरी और उगाही गैंग को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मोर्चा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और एसडीओ की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो रेत-बजरी के अवैध कारोबार को बंद कराने के लिए आंदोलन किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में प्रमोद शर्मा और अतुल हांडा भी मौजूद रहे।
ईमानदार अफसर पर हमला, सिस्टम कटघरे में — एसडीओ के समर्थन में उतरा जन संघर्ष मोर्चा
