मयखाना प्रकरण पर जन संघर्ष मोर्चा का हमला, आईजी पर संरक्षण के आरोप
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने देहरादून के एक बार प्रकरण को लेकर आईजी स्तर के अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि शहर में संचालित “रोमियो लेन बार” देर रात तक खुले रहने और पुलिस कार्रवाई में कथित दखल का मामला अत्यंत चिंताजनक है।
नेगी ने आरोप लगाया कि संबंधित आईजी के संरक्षण में यह बार रात तीन-चार बजे तक संचालित होता है। उन्होंने कहा कि जब सीओ सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची तो आईजी स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का विरोध करने लगे। मोर्चा ने इसे पुलिस कार्यवाही में हस्तक्षेप बताते हुए सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी भी अधिकारी द्वारा अनियमितताओं या अनैतिक गतिविधियों को संरक्षण दिया जा रहा है, तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से बार की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग भी की, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इस दौरान मोर्चा ने सीओ सिटी प्रमोद कुमार तथा देहरादून के पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोभाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने नियमों के पालन हेतु साहसिक रुख अपनाया।
नेगी ने यह भी कहा कि निर्धारित समय के बाद संचालित होने वाले बारों के कारण पूर्व में कई आपराधिक घटनाएं और सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो मोर्चा इस मुद्दे को शासन-सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाएगा।
पत्रकार वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा ‘पिन्नी’ एवं ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी उपस्थित रहे।
मयखाना प्रकरण पर जन संघर्ष मोर्चा का हमला, आईजी पर संरक्षण के आरोप
