एसटीएफ की बड़ी सफलता: SSC परीक्षा नकल गिरोह का मास्टरमाइंड शुभम भटनागर गिरफ्तार
देहरादून, 05 मई 2026।
(उत्तराखंड बोल रहा है )
उत्तराखण्ड एसटीएफ ने SSC परीक्षा में रिमोट एक्सेस के जरिए नकल कराने वाले संगठित गिरोह के मुख्य सरगना को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। 13 फरवरी 2026 को हुई मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने के मामले में यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ द्वारा परीक्षाओं में नकल पर सख्त कार्यवाही के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में एसटीएफ लगातार इनपुट विकसित कर कार्रवाई कर रही थी।
ऐसे रचा गया हाईटेक नकल का जाल
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 13.02.2026 को देहरादून स्थित महादेवी कन्या पाठशाला में आयोजित SSC परीक्षा के दौरान रिमोट एक्सेस संसाधनों का दुरुपयोग कर अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा था।
गोपनीय सूचना के आधार पर जांच में पाया गया कि लैब के पास बने UPS रूम में अंडरग्राउंड चैंबर तैयार कर रिमोट एक्सेस तकनीक के जरिए परीक्षा में नकल कराई जा रही थी। मौके पर लैब और एक्सेस पार्ट को सील कर दो अभियुक्तों — नितिश कुमार और भास्कर नैथानी — को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
मास्टरमाइंड सहारनपुर से गिरफ्तार
घटना के बाद से फरार चल रहा गिरोह का मुख्य सरगना शुभम भटनागर (निवासी विजयनगर, थाना कुतुबशेर, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) को 04 मई 2026 को एसटीएफ टीम ने सहारनपुर से दबोच लिया।
आरोपी अपने “महादेव डिजिटल लैब” के माध्यम से परीक्षा केंद्र संचालित करता था और अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर चयन होने पर संबंधित पद के ग्रेड पे के अनुसार मोटी रकम वसूलता था।
सख्त धाराओं में दर्ज मुकदमा
मामले में कोतवाली नगर देहरादून पर सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम 2024 सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए विवेचना एसटीएफ द्वारा की जा रही है।
एसटीएफ टीम
पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली
निरीक्षक एन.के. भट्ट
उ0नि0 दीपक मैठाणी
उ0नि0 राजेश ध्यानी
मु0आ0 प्रमोद
मु0आ0 सुधीर केसला
मु0आ0 बृजेंद्र चौहान
एसएसपी एसटीएफ ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ में मिली अहम जानकारियों के आधार पर आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखण्ड एसटीएफ का संदेश साफ है—परीक्षाओं की पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
एसटीएफ की बड़ी सफलता: SSC परीक्षा नकल गिरोह का मास्टरमाइंड शुभम भटनागर गिरफ्तार
