देहरादून पुलिस का बड़ा खुलासा: “सुपारी किलर” जैकी गिरफ्तार

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

देहरादून पुलिस का बड़ा खुलासा: “सुपारी किलर” जैकी गिरफ्तार,
सौतेले भाई ने ही रची थी करोड़ों की संपत्ति के लिए हत्या की साजिश

ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कामयाबी, एक साल पुराने राजपुर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
(उत्तराखंड बोल रहा है)
देहरादून। राजधानी देहरादून में करीब एक वर्ष पहले हुए चर्चित अजय बटेजा हत्याकांड का दून पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना राजपुर पुलिस और एसओजी टीम ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर और हिस्ट्रीशीटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर इस हाईप्रोफाइल मर्डर केस का खुलासा किया है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मृतक के सौतेले भाई ने ही करोड़ों की संपत्ति के लालच में अपने भाई की हत्या की सुपारी दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चलाए गए इस ऑपरेशन को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी जैकी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में “सुपारी किलर” के नाम से कुख्यात है और उस पर हत्या, गैंगस्टर, रंगदारी, लूट और अवैध वसूली जैसे संगीन मामलों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
26 मई 2025 को हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में सूचना दी थी कि उनके ममेरे भाई अजय बटेजा की जाखन स्थित कृष्णा विहार आवास में हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने विशेष पुलिस टीम गठित की। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस को इस वारदात में मुजफ्फरनगर के शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी के शामिल होने की जानकारी मिली।
लगातार एक साल तक चली जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 19 मई 2026 को मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र से जैकी को हिरासत में लिया। सख्त पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।
करोड़ों की संपत्ति बनी हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतक अजय बटेजा और उसके सौतेले भाई अमित बटेजा को कई वर्षों से जानता था। अजय बटेजा के पास देहरादून और मसूरी में करोड़ों की संपत्तियां थीं। अमित बटेजा लगातार संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था, लेकिन अजय उसे हिस्सा देने के बजाय अपनी मौज-मस्ती में पैसा खर्च कर रहा था।
यहीं से हत्या की साजिश शुरू हुई।
अमित बटेजा ने जैकी को लालच दिया कि यदि वह अजय को रास्ते से हटा देगा तो जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा उसे दिया जाएगा। साथ ही सहारनपुर के एक गोलीकांड में उसका नाम भी बचाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद जैकी सुपारी लेकर हत्या के लिए तैयार हो गया।
प्रेमिका के सहारे रची गई मौत की साजिश
पुलिस के मुताबिक 25 मई 2025 को जैकी अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ सहारनपुर में अमित बटेजा से मिला, जहां हत्या की पूरी योजना बनाई गई।
इसके बाद आरोपी अपने साथी नीरज और अमित बटेजा के साथ देहरादून पहुंचा। सभी लोग जाखन स्थित अजय बटेजा के घर में रुके। योजना के मुताबिक जैकी ने अपनी प्रेमिका जोया को अजय के पास छोड़ दिया जबकि वह खुद अन्य साथियों के साथ बाहर शराब पीने चला गया।
रात करीब एक बजे जैकी अकेला वापस लौटा। इसी बीच अमित बटेजा बहाने से नीरज को घर से बाहर ले गया ताकि हत्या के समय कोई गवाह मौजूद न रहे।
शराब पिलाकर तकिये से दबाया मुंह
पुलिस पूछताछ में जैकी ने खुलासा किया कि उसने और उसकी प्रेमिका ने मिलकर अजय बटेजा को खूब शराब पिलाई। नशे की हालत में जब अजय पूरी तरह बेसुध हो गया, तब जैकी ने तकिये से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी।
आरोपी ने हत्या को आत्महत्या दिखाने की भी कोशिश की। उसने शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया, लेकिन जल्दबाजी में सफल नहीं हो पाया। इसी दौरान उसकी नजर घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी और पकड़े जाने के डर से वह डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गया।
वारदात के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ ऑटो से आईएसबीटी पहुंचा और वहां से बस के जरिए सहारनपुर फरार हो गया।


पश्चिमी यूपी का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर निकला जैकी
गिरफ्तार आरोपी जैकी उर्फ राजन सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ शामली, सहारनपुर और अन्य जिलों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, गुण्डा एक्ट और अवैध वसूली जैसे गंभीर मामलों के करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसकी अवैध संपत्तियों पर पहले भी प्रशासन कार्रवाई कर चुका है और लगभग 85 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।
दो आरोपी अभी फरार
पुलिस ने मामले में मुख्य शूटर जैकी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या की साजिश में शामिल अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली थाना राजपुर और एसओजी टीम को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज द्वारा ₹5000 और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा ₹2500 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
पुलिस टीम में शामिल रहे अधिकारी
थाना राजपुर टीम
उ0नि0 पी0डी0 भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर
उ0नि0 प्रवेश रावत
उ0नि0 अनित कुमार
कांस्टेबल विशाल कुमार
एसओजी टीम
कांस्टेबल विपिन कुमार
कांस्टेबल अमित
कांस्टेबल आशीष शर्मा
🔥 दून पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध चाहे कितना भी शातिर तरीके से किया जाए, कानून के हाथ आखिरकार अपराधियों तक पहुंच ही जाते हैं।