विकासनगर की बेटी विधि शर्मा ने बढ़ाया स्कूल और क्षेत्र का मान, सीबीएसई टॉपर बनीं लाखों छात्रों की प्रेरणा

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

विकासनगर की बेटी विधि शर्मा ने बढ़ाया स्कूल और क्षेत्र का मान, सीबीएसई टॉपर बनीं लाखों छात्रों की प्रेरणा
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर की होनहार बेटी विधि शर्मा ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे उत्तराखंड में टॉप कर इतिहास रच दिया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि ने न केवल उनके स्कूल का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया, बल्कि विकासनगर और जौनसार-बावर क्षेत्र को भी गर्व से भर दिया। आज विधि शर्मा हजारों छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा सूत्र बन चुकी हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित जनजातीय छात्र सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में जब विधि शर्मा को मंच पर सम्मानित किया गया तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक ही नाम था— “विधि शर्मा”। उनकी सफलता को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की मिसाल बताया गया।
कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं ने कहा कि विधि शर्मा की उपलब्धि ने उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला दिया है। अभिभावकों ने भी इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। लोगों का कहना था कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी अपनी मेहनत के दम पर प्रदेश ही नहीं, देश में भी पहचान बना सकते हैं।


विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि विधि शर्मा जैसी प्रतिभाएं उत्तराखंड का भविष्य हैं। उन्होंने छात्रों से शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि विधि शर्मा ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदार हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
समारोह में जौनसारी संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने भी सभी का दिल जीत लिया। पारंपरिक वेशभूषा में विद्यार्थियों ने लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
विशिष्ट अतिथि प्रेम चंद शर्मा ने छात्रों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और अनुशासन ही जीवन में असली सफलता दिलाते हैं। वहीं यशवंत पंवार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का कार्य करती रही है।
विधि शर्मा की सफलता आज सिर्फ एक रिजल्ट नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए उम्मीद, प्रेरणा और आत्मविश्वास की नई कहानी बन गई है।