उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
देहरादून। प्रदेश में संचालित विकास परियोजनाएं शीघ्रता से धरातल पर उतरें, इस पर सरकार ने ध्यान केंद्रित किया है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में हुई बैठक में प्रगति पोर्टल के माध्यम से परिवहन, ऊर्जा, लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन समेत अन्य विभागों की 6949.61 करोड़ की लागत वाली 12 परियोजनाओं की समीक्षा की।
सीएम ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में 50 प्रतिशत कार्य हो चुका है, उन्हें 15 अक्टूबर तक पूर्ण कराया जाए। हिदायत दी कि परियोजनाओं में देरी पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की 6949 करोड़ की 12 प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में सभी का योगदान जरूरी है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, सीमांत क्षेत्रों की सामरिक दृष्टि से सड़क, विद्युत व परिवहन से जुड़ी परियोजनाएं विकास और जनसुविधा के लिए महत्वपूर्ण हैं। इनके समयबद्ध क्रियान्वयन से पर्यटन, व्यापार, निवेश व रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
