उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर अपने गृह क्षेत्र खटीमा के दौरे पर पहुंचे हैं. इसी क्रम में सीएम धामी ने खटीमा के दूरस्थ ग्राम बग्गा 54 में आयोजित जनसंपर्क एवं मुख्य सेवक जनसंवाद कार्यक्रम में शिरकत की. इस अवसर पर सीमांत क्षेत्र की जनता को संबोधित कर सीएम धामी ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों को जनता के समक्ष रखा. साथ ही राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को जनता के सामने रखा. उन्होंने सीमांत क्षेत्र ग्राम बग्गा 54 के विकास का वादा किया. उन्होंने ग्रामीणों की राजस्व ग्राम एवं भूमि अधिकार की मांग पर सरकार द्वारा कार्रवाई गतिमान होने की बात कही.साथ सरकार द्वारा गांव की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से और भव्य स्वागत किया. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और कहा कि आज देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा का परचम गंगोत्री से गंगा सागर तक लहरा रहा है और देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छू रहा है. मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की तुलना गंगोत्री से निकलने वाली मां गंगा से करते हुए कहा कि जिस प्रकार गंगा का प्रवाह पूरे देश को जोड़ता है, उसी प्रकार उत्तराखंड से शुरू हुई यूसीसी की धारा भी पूरे देश में समान अधिकार और समान न्याय की भावना को मजबूत करेगी.
उन्होंने प्रदेश में लागू नकल विरोधी कानून को युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इस सख्त कानून के कारण 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध करा चुकी है. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने बग्गा 54 क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और स्थानीय जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.
उधम सिंह नगर के गदरपुर में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं. इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतियोगिता स्थल पर सुरक्षा, खिलाड़ियों की सुविधाएं, दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की. इस दौरान अरविंद पांडे भी उनके साथ मौजूद रहे.
रुद्रपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ विषय पर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई. कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की.
