उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने जोरदार हुंकार भरी।
मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग उठाई
(उत्तराखंड बोल रहा है)
कार्डियोलॉजिस्ट-न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती को लेकर जन संघर्ष मोर्चा का तहसील घेराव
मानकों में ढील देकर उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में विशेष यूनिट शुरू करने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
विकासनगर। पछवादून सहित जौनसार-बावर, उत्तरकाशी के आंशिक क्षेत्रों और आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों के लिए जीवन रेखा माने जाने वाले उप जिला चिकित्सालय, विकासनगर में कार्डियोलॉजिस्ट एवं न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती तथा संबंधित यूनिट स्थापित करने की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है।

मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील घेराव कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री रयाल को सौंपा।

रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि उप जिला चिकित्सालय विकासनगर पर पछवादून, जौनसार-बावर तथा उत्तरकाशी के आंशिक क्षेत्रों के करीब 150 से 200 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लाखों लोग निर्भर हैं। अस्पताल में प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं, लेकिन हृदय रोग विशेषज्ञ और न्यूरोलॉजिस्ट की व्यवस्था नहीं होने के कारण हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक जैसी गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में मरीजों को देहरादून या अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है और रास्ते में ही उनकी मौत हो जाती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार निजी अस्पतालों में महंगा इलाज और जांच कराने में असमर्थ रहते हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

नेगी ने कहा कि भले ही विभागीय ढांचे में इन विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद स्वीकृत न हों और अस्पताल निर्धारित मानकों को पूरा न करता हो, लेकिन क्षेत्र की भौगोलिक विषमताओं और गरीब मरीजों की पीड़ा को देखते हुए सरकार को विशेष पहल करते हुए पद सृजित करने चाहिए तथा मानकों में आवश्यक छूट देकर अस्पताल में कार्डियोलॉजी और न्यूरोलॉजी यूनिट का संचालन शुरू करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जन संघर्ष मोर्चा क्षेत्र की जनता और मरीजों को भगवान भरोसे नहीं छोड़ सकता और जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे पर व्यापक जन आंदोलन भी चलाया जाएगा।
इस दौरान मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, विनयकांत नौटियाल, के.सी. चंदेल, ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट, हाजी असद, अनुपम कपिल, मुजीबुर रहमान, एम.ए. सिद्दीकी, प्रवीण शर्मा पिन्नी, विनोद पड्डा, प्रमोद शर्मा, सतीश गुप्ता, प्रोविर दास, राजकुमार गोयल, गौरव लोधा, दरबान सिंह असवाल, अकरम सलमानी, पूरन सिंह राघव, संजय गुप्ता, महेंद्र सिंघल, अशोक गुप्ता, मुकेश पसबोला, नरेश ठाकुर, विनय सजवान, चौधरी मामराज, मनीष नेगी, राकेश कुमार, दिनेश राणा, मेहंदी हसन, आसिफ खान, विक्रम पाल, सूरजवीर, शहजाद, राघव चड्ढा, साहिल, यूनुस, विनोद जैन, गफूर, नाजिर, सुरजीत सिंह, जयपाल सिंह, गोविंद सिंह नेगी, अनवर, अंकुर चौरसिया, जाबिर हसन, शेर सिंह, सफीक, क्रिस्टीना, शमशाद, ऋषिपाल, विनोद टाइट्स, संजय पटेल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्य बिंदु
उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग।
मानकों में छूट देकर विशेष यूनिट शुरू करने की उठी मांग।
150 से 200 किलोमीटर क्षेत्र के मरीज अस्पताल पर हैं निर्भर।
हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के मरीजों को समय पर इलाज न मिलने पर जताई चिंता।
सरकार से नए पद सृजित करने और स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग।
