उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
पेपर लीक और भर्ती घोटालों के खिलाफ कांग्रेस का तहसील पर प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन
पेपर लीक से टूट रहा युवाओं का भरोसा, कांग्रेस ने तहसील में भरी हुंकार”
राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन, भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। देशभर में लगातार सामने आ रहे प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली, परीक्षाओं के निरस्तीकरण तथा भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी विकासनगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरबर्टपुर के संयुक्त तत्वावधान में तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विकासनगर के माध्यम से प्रेषित किया गया।

धरने को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने के अपने वादे को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक की घटनाओं के कारण देश का युवा निराशा और मानसिक तनाव से गुजर रहा है। नीट, सीबीएसई, लोक सेवा आयोग समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए विवादों ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है। बार-बार परीक्षाओं को निरस्त करना और भर्ती प्रक्रियाओं को लंबित रखना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने कहा कि देश में बढ़ते रोजगार संकट के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने उठाईं ये प्रमुख मांगें
प्रश्नपत्र लीक और भर्ती घोटालों की समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।

नकल माफिया और संगठित गिरोहों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को पूर्ण रूप से पारदर्शी बनाया जाए।
लंबित भर्ती परीक्षाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
प्रतियोगी छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य परामर्श के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।
परीक्षा प्रणाली में बार-बार होने वाली गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाए।
युवाओं के भविष्य और विश्वास की रक्षा के लिए प्रभावी एवं स्थायी राष्ट्रीय नीति बनाई जाए।
लगातार हो रही घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विकास शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, हरबर्टपुर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, पीसीसी सदस्य संजय जैन, जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिल्ला, सभासद सुमन लता, अर्चना नेगी, मोहन राठौर, विपुल जैन, सुरेंद्र शर्मा, डी.के. बनर्जी, महबूब समून मिर्जा, राजीव शर्मा, सुभाष चंदेल, सजल अग्रवाल, धीरेंद्र थंडियाल, पूर्व प्रधान इमरान, बलजीत सिंह, डिंपल, विजय, सूर्यांश, जितेंद्र रावत, मोहित बिष्ट, ईलम चंद मुल्तानी, फुरकान अहमद, राकेश राठौर, महावीर त्यागी, अन्ना मोहम्मद, इरशाद, मनजीत चावला, विनोद रावत, देवानंद पासी, मुनीर अहमद, आशीष, जाहिद, बलीराम, साजिद, आदर्श, असद, आरफी, जाबिर, राजमोहन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
