आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित अंडों की गुणवत्ता पर जन संघर्ष मोर्चा ने उठाए सवाल, जांच की मांग

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित अंडों की गुणवत्ता पर जन संघर्ष मोर्चा ने उठाए सवाल, जांच की मांग
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और बच्चों को वितरित किए जा रहे अंडों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मोर्चा ने आरोप लगाया है कि कई स्थानों पर दिए जा रहे अंडे छोटे आकार के हैं तथा कुछ अंडों के खराब और बदबूदार होने की शिकायतें सामने आई हैं।
मोर्चा अध्यक्ष एवं पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर अंडों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। इस दौरान मोर्चा पदाधिकारियों ने दावा किया कि कुछ अंडों का आकार मानकों के अनुरूप नहीं था और कुछ अंडों में खराबी के संकेत मिले।
मोर्चा ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों को अंडों की आपूर्ति करने वाली अथर्व एंटरप्राइजेज द्वारा आपूर्ति की गुणवत्ता पर पर्याप्त निगरानी नहीं रखी जा रही है। संगठन का कहना है कि कई बार दो से तीन माह का स्टॉक एक साथ केंद्रों में भेज दिया जाता है, जिससे अंडों के खराब होने की आशंका बढ़ जाती है।
इस संबंध में श्री नेगी ने बंसी राणा से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी नाराजगी दर्ज कराई। मोर्चा के अनुसार, निदेशक ने बताया कि अंडों के आकार और गुणवत्ता को लेकर पूर्व में भी पत्राचार किया जा चुका है।
मोर्चा ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रेखा आर्य से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आपूर्ति व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
इस दौरान मोर्चा टीम में दिलबाग सिंह, पछवादून अध्यक्ष अमित जैन तथा ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद