उत्तर प्रदेश पुलिस (Up Police) ने बदायूं डबल मर्डर केस (double murder case) के सह आरोपी जावेद को बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। उसकी धरपकड़ के लिए पुलिस कई टीमें जुटी हुई थी।

दिल्ली से लेकर यूपी के कई जिलों में दबिश दी जा रही थी, जिसे बुधवार की शाम को बरेली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदायूं पुलिस उससे पूछताछ में जुट गई है।
क्यों किया मर्डर चलेगा पता
जावेद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह मान कर चल रही है कि वारदात को अंजाम देने के कारणों का पता चल सकेगा। मालूम हो कि बदायूं शहर की बाबा कॉलोनी में बीते मंगलवार को हेयर सैलून की दुकान चलाने वाले सखानू निवासी सगे भाई साजिद और जाबिद ने दुकान के पास ही तिमंजिला मकान में रहने वाले विनोद ठाकुर की छत में पहुंचकर उनके 12 वर्षीय बेटे आयुष और छह वर्षीय आहान की छुरी से गला रेतकर हत्या कर दी थी।
आरोपी साजिद ने इस बीच छत पहुंचे उनके 10 वर्षीय बेटे पीयूष पर भी छुरी से जानलेवा हमला कर दिया था। घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। गुस्साए लोगों ने मंडी चौकी क्षेत्र में हेयर सैलून की कई दुकानों में तोड़फोड़ कर एक खोखे में आग लगा दी थी। बाद में पुलिस ने गिरफ्त से भाग रहे साजिद को एनकाउंटर (Encounter) में मार गिराया था, लेकिन हत्या किन कारणों से हुई थी, इसका पता नहीं चल सका था, लेकिन अब जावेद की गिरफ्तारी के बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा।