उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
ग्राफिक एरा अस्पताल के खिलाफ जन संघर्ष मोर्चा का प्रदर्शन, मरीजों से कथित लूट और अनियमितताओं की जांच की मांग
(उत्तराखंड बोल रहा)
विकासनगर। के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष एवं पूर्व जीएमवीएन उपाध्यक्ष के नेतृत्व में ग्राफिक एरा हॉस्पिटल के खिलाफ तहसील परिसर में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विकासनगर को सौंपा। ज्ञापन में अस्पताल प्रबंधन पर मरीजों के साथ कथित आर्थिक शोषण, अनावश्यक उपचार और आयुष्मान योजना में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए गए।
मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों द्वारा मरीजों एवं उनके परिजनों में भय का माहौल बनाकर महंगे ऑपरेशन और उपचार के नाम पर भारी-भरकम राशि वसूली जाती है। उनका कहना था कि कई मामलों में ऐसे मरीजों को भी ऑपरेशन की सलाह दी जाती है, जिन्हें इसकी आवश्यकता नहीं होती।
नेगी ने एक मामले का उल्लेख करते हुए दावा किया कि एक मामूली ब्रेन हेमरेज से पीड़ित मरीज को तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता बताकर लगभग 25 लाख रुपये जमा कराने को कहा गया था। उन्होंने कहा कि बाद में अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह लेने पर बिना ऑपरेशन के ही मरीज का उपचार लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये के खर्च में संभव हुआ और मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गया।

मोर्चा ने एक अन्य मामले में आरोप लगाया कि एक मरीज की मृत्यु के बाद उसके परिजनों से स्टेंट और अन्य चिकित्सा उपकरणों के नाम पर बड़ी राशि जमा कराने की मांग की गई थी। संगठन का दावा है कि हस्तक्षेप के बाद परिजनों को अपेक्षाकृत कम भुगतान पर शव सौंपा गया।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि अस्पताल में अन्य राज्यों से आने वाले मरीजों से अधिक शुल्क वसूला जाता है तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचार के नाम पर कथित अनियमितताएं की जा रही हैं। मोर्चा ने इन आरोपों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराए जाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो संगठन न्यायालय की शरण लेने पर विचार करेगा।

प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, के.सी. चंदेल, राम सिंह तोमर, अमित जैन, मुजीबुर रहमान सलीम, युवराज तोमर, हाजी असद, प्रवीण शर्मा, रूपचंद, एस.एन. शर्मा, भीम सिंह बिष्ट, अशोक कुमार, दरबान सिंह असवाल, सोमपाल, राजेंद्र पंवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: समाचार में उल्लिखित सभी आरोप प्रदर्शनकारियों और जन संघर्ष मोर्चा द्वारा लगाए गए हैं। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।
