आंगनबाड़ी केंद्रों में घटिया सेनेटरी पैड बांटने का आरोप, मंत्री रेखा आर्य की बर्खास्तगी की मांग

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

आंगनबाड़ी केंद्रों में घटिया सेनेटरी पैड बांटने का आरोप, मंत्री रेखा आर्य की बर्खास्तगी की मांग

जन संघर्ष मोर्चा का आरोप— कमीशनखोरी के चलते महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य से हो रहा खिलवाड़,
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य पर प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में कथित रूप से घटिया गुणवत्ता के सेनेटरी नैपकिन पैड उपलब्ध कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मोर्चा ने इसे महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है।
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं पूर्व जीएमवीएन उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने विकासनगर में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में जबरन ऐसे सेनेटरी पैड भेजे जा रहे हैं, जिनकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उनका दावा है कि पैड पर आईएसआई, आईएसओ अथवा अन्य किसी मानक गुणवत्ता प्रमाणन का स्पष्ट उल्लेख नहीं है, जिससे इसकी विश्वसनीयता पर संदेह पैदा होता है।
नेगी ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें भी लगाई गई हैं, लेकिन अधिकांश स्थानों पर उनका उपयोग नहीं हो रहा और वे “सफेद हाथी” साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर अनावश्यक खरीदारी कराई गई है, जबकि इसका लाभ जमीनी स्तर पर महिलाओं और किशोरियों को नहीं मिल रहा।
उन्होंने दावा किया कि पांच पैड वाले 15 रुपये के पैकेट को अधिकांश महिलाएं और किशोरियां इस्तेमाल नहीं करना चाहतीं। ऐसे में कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने वेतन से इसकी भरपाई करनी पड़ रही है। मोर्चा ने सवाल उठाया कि यदि इन पैड के इस्तेमाल से महिलाओं या किशोरियों को संक्रमण अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होती हैं, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
जन संघर्ष मोर्चा ने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सेनेटरी पैड की गुणवत्ता की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकार वार्ता में मोर्चा के पछवादून अध्यक्ष अमित जैन तथा ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल होंडा भी उपस्थित रहे।