टेक होम राशन स्वयं सहायता समूहों से वितरित कराने की उठी मांग, नारी शक्ति संगठन ने जन संघर्ष मोर्चा से मांगा समर्थन

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

टेक होम राशन स्वयं सहायता समूहों से वितरित कराने की उठी मांग, नारी शक्ति संगठन ने जन संघर्ष मोर्चा से मांगा समर्थन
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। नारी शक्ति महिला प्रदेश संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी से मुलाकात कर प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पूर्व की भांति स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से टेक होम राशन (THR) वितरित किए जाने की मांग सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से टेक होम राशन वितरण की व्यवस्था से स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलता है, पारदर्शिता बनी रहती है तथा आंगनबाड़ी लाभार्थियों तक समय पर गुणवत्तापूर्ण राशन पहुंचाना भी सुनिश्चित होता है। इसलिए सरकार को पूर्व व्यवस्था को पुनः लागू करना चाहिए।
इस अवसर पर जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने संगठन को आश्वस्त करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़े हजारों महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए उनकी मांग को पूरी मजबूती के साथ सरकार के समक्ष रखा जाएगा और इस मुद्दे पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में नारी शक्ति महिला प्रदेश संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रीता नेगी सहित राखी ठाकुर, फरजाना, सुमन कश्यप, रुखसाना, सुषमा, रेखा चौधरी, नंदा नेगी और सरिता जोशी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।