देहरादून: करोड़ों की फ्लैट ठगी में बड़ा एक्शन, फरार शाश्वत गर्ग के घर पुलिस की कुर्की, अन्य आरोपियों की बारी

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने करोड़ों रुपये की फ्लैट धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शाश्वत गर्ग के घर की कुर्की की है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द ही कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2025 को आरकेडिया हिलॉक्स सोसाइटी, मसूरी रोड के अध्यक्ष विवेक कुमार ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शाश्वत गर्ग और उसके अन्य साथियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर आरकेडिया हिलॉक्स, मसूरी रोड में फ्लैट आवंटित करने के नाम पर कई लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की।

इस शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मु0अ0सं0-218/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं (पूर्व आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के समकक्ष प्रावधानों) में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान मुख्य आरोपी शाश्वत गर्ग और उसके अन्य साथी लगातार फरार पाए गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट और कुर्की वारंट प्राप्त किए तथा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदलते रहे।

इसी क्रम में 22 जुलाई 2026 को थाना राजपुर पुलिस ने माननीय न्यायालय, देहरादून से प्राप्त कुर्की वारंट के आधार पर फरार मुख्य आरोपी शाश्वत गर्ग के सहस्त्रधारा रोड स्थित 95, ऊषा कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी न्यायालय से कुर्की वारंट प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आर्थिक अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।