उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
आईटीआई में अनुदेशकों की कमी पर मोर्चा ने शासन का दरवाजा खटखटाया
विकासनगर आईटीआई में आरएसीटी और कला-गणित अनुदेशक की तैनाती का मामला गरमाया
मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी की पहल पर सचिव ने अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
देहरादून। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अनुदेशकों की कमी का असर अब छात्रों के भविष्य पर पड़ने लगा है। विकासनगर स्थित राजकीय आईटीआई में रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग टेक्नीशियन (आरएसीटी) तथा कला-गणित ट्रेड में अनुदेशकों की तैनाती का मुद्दा लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने शासन में दस्तक दी है।
मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने सचिव, कौशल विकास एवं सेवायोजन सी. रविशंकर से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। नेगी ने बताया कि आरएसीटी अनुदेशक की तैनाती नहीं होने के कारण इस वर्ष छात्रों को इस ट्रेड में दाखिला मिलने में परेशानी हो रही थी। वहीं, प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध लाखों रुपये कीमत के उपकरण और मशीनें भी उपयोग के अभाव में धूल फांक रही हैं।
उन्होंने बताया कि इसी तरह कला-गणित ट्रेड के अनुदेशक का स्थानांतरण होने के बाद उनके स्थान पर अब तक किसी नए अनुदेशक की तैनाती नहीं की गई है। इससे प्रशिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही विद्यार्थियों के भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिव सी. रविशंकर ने दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए अनुदेशकों की तैनाती के निर्देश दिए।
नेगी ने कहा कि प्रदेशभर में 370 अनुदेशकों की नियुक्ति की प्रक्रिया के बाद बड़ी संख्या में अनुदेशकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है, बावजूद इसके कुछ संस्थानों में अब भी अनुदेशकों की कमी बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन के निर्देश के बाद विकासनगर आईटीआई में इसी शैक्षणिक सत्र में आरएसीटी और कला-गणित ट्रेड के विद्यार्थियों को दाखिला एवं प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी।
