उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
विकासनगर: राजधानी देहरादून में भू-माफियाओं और धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जमीन बिक्री के नाम पर 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
मामला कोतवाली सहसपुर क्षेत्र का है. डॉक्टर शैलेंद्र तिवारी (निवासी हरबर्टपुर, विकासनगर) ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि रजनीश सैनी, प्रियांशु सैनी, हर्षवर्धन और दीपक (सभी निवासी फतेहपुर धर्मावाला) ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए फर्जी व कूटरचित (जाली) दस्तावेज तैयार किए. इसके बाद भूमि बिक्री के नाम पर उनसे 65 लाख रुपये ठग लिए. वादी का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी. प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सहसपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था.
