उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
स्वरांजलि संगीत विद्यालय में प्रयोगात्मक संगीत परीक्षा संपन्न, शास्त्रीय सुरों से गूंजा विद्यालय परिसर
(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर। स्वरांजलि संगीत विद्यालय, बेलावाला विकासनगर में रविवार को प्रयाग संगीत समिति, इलाहाबाद से संबद्ध प्रयोगात्मक संगीत परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और लगन के साथ अपनी संगीत प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए प्रयाग संगीत समिति, इलाहाबाद से पहुंचे परीक्षक श्री कमलाकांत जी एवं श्री विजय कुमार शर्मा जी ने विद्यार्थियों की गायन एवं वादन प्रतिभा का बारीकी से मूल्यांकन किया। विद्यार्थियों ने शास्त्रीय संगीत के विभिन्न रागों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर अपनी निरंतर संगीत साधना का परिचय दिया।

गायन में विद्यार्थियों ने राग दुर्गा, राग दरबारी, राग यमन, राग बिलावल, राग देशकार एवं राग मेघ सहित विभिन्न रागों की प्रस्तुतियां दीं। वहीं तबला वादन में विद्यार्थियों ने तीनताल, ताल लक्ष्मी, ब्रह्मताल, दादरा एवं कहरवा जैसी तालों की प्रभावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर शास्त्रीय संगीत की मधुर स्वर-लहरियों से गुंजायमान हो उठा।
परीक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और गुरुजनों के मार्गदर्शन से विद्यार्थी संगीत के क्षेत्र में बेहतर भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर रियाज करने तथा भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की संस्थापिका सुश्री शांति वर्मा तन्हा ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन या कला का माध्यम नहीं, बल्कि साधना, संस्कार और आत्म-अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को परीक्षा एवं मंच के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।
कार्यक्रम के दौरान संस्थापिका शांति वर्मा तन्हा ने प्रयाग संगीत समिति, इलाहाबाद से आए परीक्षकों का पौधा एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर के खाली भूखंड में फलदार पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया। इस पहल ने संगीत साधना के साथ प्रकृति संरक्षण का सुंदर संदेश दिया।

विद्यालय परिवार ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रयाग संगीत समिति से आए परीक्षकों, संगीत प्रशिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वंशिका चौहान, तृषा पासवान, अक्षत, रजत दयाल, वेदांत वेद, अविषी चौहान, सूरज तोमर, चंदन शास्त्री, मीना, जसकरण सहित अनेक विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
स्वरांजलि संगीत विद्यालय का यह आयोजन विद्यार्थियों की संगीत साधना, गुरुजनों के मार्गदर्शन और भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रति बढ़ते प्रेम का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।
