उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
युवा चेहरे पर भाजपा का भरोसा, कपिल शर्मा को एसटी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में अहम जिम्मेदारी
(उत्तराखंड बोल रहा है)
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाते हुए युवा नेता कपिल शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में कपिल शर्मा को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर सामने आते ही समर्थकों और युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रेम सिंह राणा के निर्देश तथा प्रदेश मोर्चा प्रभारी की सहमति के बाद एसटी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा की गई। जारी सूची में कपिल शर्मा को शामिल किया जाना उनके संगठन के प्रति समर्पण और सक्रियता पर पार्टी नेतृत्व के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
युवाओं के बीच मजबूत पकड़, संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
कपिल शर्मा की पहचान एक युवा और सक्रिय भाजपा नेता के रूप में है। युवाओं के बीच उनकी सक्रियता और संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी को देखते हुए उन्हें मिली यह जिम्मेदारी राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके समर्थकों का कहना है कि कपिल शर्मा जैसे युवा चेहरों को जिम्मेदारी मिलने से पार्टी संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
नियुक्ति के बाद कपिल शर्मा को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने युवा शक्ति को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है।

“जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाऊंगा”
कपिल शर्मा ने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से कार्य किया जाएगा।
कपिल शर्मा की नियुक्ति को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि युवा नेतृत्व को मिल रही लगातार जिम्मेदारियां भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
