मृतकों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर श्रमिक योजना का लाभ लेने की कोशिश, तीन के खिलाफ एफआईआ

  1. मृतकों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर श्रमिक योजना का लाभ लेने की कोशिश, तीन के खिलाफ एफआईआ
    (उत्तराखंड बोल रहा है)
    देहरादून। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की मृत्यु उपरांत आर्थिक सहायता योजना का कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए लाभ लेने के प्रयास का मामला सामने आया है। जांच के बाद हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में तीन नामित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
    श्रम विभाग को प्राप्त तीन आवेदनों की स्थलीय जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आवेदनों के साथ ऐसे व्यक्तियों के मृत्यु प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए गए थे, जिनकी मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। विभागीय जांच में आशंका सामने आई कि उनके नामितों द्वारा कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सरकारी योजना की आर्थिक सहायता हासिल करने का प्रयास किया गया।
    मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित ग्राम पंचायतों से मृत्यु प्रमाण पत्रों की वैधता की जांच कराई गई। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), लक्सर ने जांच में बताया कि तीनों मृतकों का विवरण ग्राम पंचायत के मृत्यु अभिलेखों में दर्ज नहीं है। साथ ही, प्रस्तुत किए गए मृत्यु प्रमाण पत्र ग्राम पंचायत कार्यालय से जारी नहीं किए गए थे।
    जांच रिपोर्ट मुख्यालय भेजे जाने के बाद उप श्रम आयुक्त, उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने संबंधित नामितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की। निर्देशों के अनुपालन में हरिद्वार में तीन नामित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
    बोर्ड के सचिव प्रकाश चन्द्र दुम्का ने स्पष्ट किया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ फर्जी तरीके से लेने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।