शिलाई में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, पिकअप की तलाशी में मिला चिट्टा; दो युवक गिरफ्तार
(उत्तराखंड बोल रहा है)
सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सिरमौर जिले की शिलाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करने के साथ ही उस पिकअप वाहन को भी कब्जे में ले लिया, जिसमें दोनों युवक सवार थे।

जानकारी के अनुसार, रविवार 13 सितंबर को शिलाई थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम अस्पताल बाईपास रोड के समीप मौजूद थी। तभी वहां से गुजर रही पिकअप गाड़ी संख्या HP85-2753 पुलिस के संदेह के घेरे में आई। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 2 ग्राम चिट्टा बरामद होते ही पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन, निवासी गांव भंगाटा, डाकघर ग्वाली, तहसील शिलाई तथा विपिन्न, निवासी गांव व डाकघर गवाली, तहसील शिलाई के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है।
कहां से आया चिट्टा, किसे होनी थी सप्लाई?
अब पुलिस की जांच का अगला फोकस नशे के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क पर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले के पीछे कोई बड़ा नशा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगामी जांच जारी है।
