विकासनगर। घाट रोड भीमावाला में मां बगुलामुखि जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस धार्मिक अनुष्ठान में उत्तराखंड के साथ ही हिमाचल, हरियाणा और पंजाब से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की। दर्शनों के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पीठाधीश्वर डॉ. विनायक बडोनी ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि मनुष्य जब घोर संकट में फंसा होता है, तब मां बगुलामुखि की साधना करने से उसके कष्ट मिट जाते हैं। कहा कि मां बगुलामुखि 10 महा विद्यायों में महत्वपूर्व हैं। मां को पीला रंग प्रिय होता है, इस कारण इन्हें पीतांबरा भी कहा जाता है। मां की साधना से शत्रुओं पर विजय प्राप्ति होती है। भय से मुक्ति मिलती है। देवी का अनुष्ठान वाक सिद्धी के लिए भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि देवी की साधक भोग और मोक्ष दोनों की प्राप्ति कर लेता है। वाद विवाद में विजय पाने के लिए मां की साधना की जाती है।
