उत्तरकाशी के बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स-पोर्टरों की सकुशल वापसी के निर्देश

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। दिल्ली से ही मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर अभियान की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी ट्रैकर्स एवं पोर्टरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में गए प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान में जुटी टीमों को प्रभावित पर्यटकों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही भोजन, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है। ऐसे में संकट की स्थिति में प्रत्येक व्यक्ति की सहायता करना राज्य सरकार का दायित्व है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में हुई भारी बारिश से हुए नुकसान की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बारिश के कारण बंद हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन और आवश्यक सेवाएं जल्द सामान्य हो सकें।