ऑनलाइन गेमिंग में मुनाफे का लालच देकर 1.77 करोड़ की साइबर ठगी, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

देहरादून। ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट में कम रकम निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच देकर 1.77 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम में से करीब 14 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। वहीं, आरोपी के खाते में महज चार महीने के भीतर करीब 95 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन भी मिला है।

एसटीएफ के अनुसार, हरिद्वार निवासी शिकायतकर्ता ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने YouTube पर Winadda ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट का विज्ञापन देखा था। इसके बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से WhatsApp के जरिए संपर्क किया और कम धनराशि निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया।

आरोपियों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने वर्ष 2025 में अलग-अलग माध्यमों से कुल ₹1,77,53,960 गंवा दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मु0अ0सं0 20/2026, धारा 318(4), 61(2) BNS और 66D IT Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना निरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई।

बैंक खातों के विश्लेषण से खुला राज

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और उनमें हुए वित्तीय लेन-देन का गहन विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से करीब 14 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में क्रेडिट हुए थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उक्त बैंक खाते में केवल चार महीने की अवधि में करीब 95 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन हुआ। महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने के बाद एसटीएफ टीम ने बैंक खाते के खाताधारक को चिन्हित कर राजस्थान में दबिश दी।

राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए किशोर पुत्र मदन लाल (41 वर्ष) को राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के लाडनूं थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी वार्ड नंबर-05, ऊंचा मगर बास, थाना लाडनूं, जनपद डीडवाना-कुचामन, राजस्थान का निवासी है।

पुलिस टीम

कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक जगमोहन राणा, उपनिरीक्षक वजिन्द्र सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनह बड़ोनी शामिल रहे।

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, निवेश या किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लाभ का लालच देने वाले अज्ञात व्यक्तियों और वेबसाइटों के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या धनराशि ट्रांसफर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।