उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग
पुष्पेंद्र त्यागी के नेतृत्व में ‘शिक्षा मित्र’ का शैक्षिक अभियान जारी, डिफेंस पब्लिक स्कूल में प्रतिभाओं ने दिखाया दम
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के साथ विद्यार्थियों की करियर काउंसलिंग, मेधावियों को प्रमाणपत्र व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
विकासनगर। विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने, सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ‘शिक्षा मित्र’ का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।

इसी कड़ी में राष्ट्रीय चेतना ग्रुप ऑफ कॉलेज एजुकेशनल सोसाइटी, देहरादून के सहयोग से डिफेंस पब्लिक स्कूल, छरबा में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। शिक्षा मित्र के सीईओ पुष्पेंद्र सिंह त्यागी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ करियर संबंधी मार्गदर्शन देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 40 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की रुचियों, अभिरुचियों और भविष्य के लक्ष्यों को समझने के लिए काउंसलिंग भी की गई, ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई और करियर चयन के संबंध में उचित दिशा मिल सके।
सही समय पर मार्गदर्शन से संवर सकता है विद्यार्थियों का भविष्य: पुष्पेंद्र त्यागी

शिक्षा मित्र के सीईओ पुष्पेंद्र त्यागी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर ही शिक्षा, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है। विशेषकर कक्षा 12वीं के बाद विद्यार्थियों के सामने उच्च शिक्षा और करियर के अनेक विकल्प होते हैं। ऐसे में उन्हें समय रहते सही जानकारी और मार्गदर्शन मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्र सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं और करियर काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक करने का अभियान आगे भी जारी रखेगा।

वहीं, नवचेतना ग्रुप ऑफ कॉलेज, देहरादून के एमडी राजकुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को उनकी रुचियों और क्षमताओं के अनुरूप विभिन्न विषयों के चयन, करियर के संभावित क्षेत्रों तथा उनकी तैयारी के तरीकों की जानकारी दी।
विद्यालय प्रबंधन ने की पहल की सराहना
विद्यालय की प्रधानाचार्या रीना मल्ल, चेयरपर्सन ज्योति भट्ट और प्रवक्ता विजयलक्ष्मी उनियाल ने शिक्षा मित्र की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों का नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

नंदिनी और आर्यन ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर नंदिनी एवं आर्यन, द्वितीय स्थान पर हर्ष एवं सोनम तथा तृतीय स्थान पर शिवम एवं शोयब अंसारी रहे। विजेताओं को पुष्पेंद्र त्यागी, प्रधानाचार्या रीना मल्ल और चेयरपर्सन ज्योति भट्ट ने प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र भी दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान पुष्पेंद्र त्यागी ने प्रधानाचार्या रीना मल्ल, चेयरपर्सन ज्योति भट्ट और प्रवक्ता विजयलक्ष्मी उनियाल को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्या ने शिक्षा मित्र के सीईओ पुष्पेंद्र त्यागी और नवचेतना ग्रुप ऑफ कॉलेज के एमडी राजकुमार मिश्रा को गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में स्मृति चिह्न प्रदान किए।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में नवचेतना ग्रुप ऑफ कॉलेज के एमडी राजकुमार मिश्रा, दीपक बडोनी, महेंद्र सिंह नेगी, विद्यालय की प्रधानाचार्या रीना मल्ल, प्रवक्ता विजयलक्ष्मी उनियाल तथा शिक्षा मित्र की टीम का विशेष सहयोग रहा।
