₹25 हजार में कैसे चलेगा परिवार? अतिथि शिक्षकों के हक में तहसील पर गरजा जन संघर्ष मोर्चा

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

₹25 हजार में कैसे चलेगा परिवार? अतिथि शिक्षकों के हक में तहसील पर गरजा जन संघर्ष मोर्चा

मानदेय ₹40 हजार करने, ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश का वेतन देने सहित ईपीएफ-ईएसआई सुविधा लागू करने की उठाई मांग
उत्तराखंड बोल रहा है…
विकासनगर। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वर्षों से सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों की मांगों को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को मोर्चा कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में तहसील परिसर में प्रदर्शन कर जोरदार आवाज उठाई। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसील कार्यालय के नाजिर बिजल्वाण को सौंपा गया।


मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में करीब 5 हजार अतिथि शिक्षक पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा की ओर सरकार का ध्यान नहीं है। शिक्षकों को महज 25 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई और उनकी जिम्मेदारियों के लिहाज से बेहद कम है।
नेगी ने कहा कि विडंबना यह है कि इन शिक्षकों को ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश के दौरान मानदेय तक नहीं दिया जाता। ईपीएफ और ईएसआई जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी उन्हें वंचित रखा गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शिक्षक अपने घरों से 200 से 400 किलोमीटर या उससे भी अधिक दूर दुर्गम क्षेत्रों में जाकर बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं, तो सरकार उनके परिवारों की आर्थिक चिंता क्यों नहीं कर रही?


उन्होंने कहा कि 25 हजार रुपये की आय का बड़ा हिस्सा मकान किराये और रोजमर्रा के खर्चों में ही समाप्त हो जाता है। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। विभागीय स्तर पर मानदेय बढ़ाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
नेगी ने सरकार से मांग की कि अतिथि शिक्षकों का मासिक मानदेय तत्काल बढ़ाकर कम से कम 40 हजार रुपये किया जाए। साथ ही ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश का वेतन सुनिश्चित करने के साथ ईपीएफ और ईएसआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के हितों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद: मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, मुजीबुर्रहमान सलीम, अमित जैन, हाजी असद, अशोक चंडोक, प्रवीण शर्मा पिन्नी, महेंद्र सिंघल, आशीष सिंह, चेतन रावत, वाहिद कुरैशी, अजीत चौधरी, अकरम सलमानी, अनंत चंद, मान चंद राणा, रहबर अली, भीम सिंह बिष्ट, अशोक गुप्ता, विनय गुप्ता, विनोद जैन, देव सिंह चौधरी, आशीष चौधरी, बिल्लू गिल्बर्ट, निशा खातून, मनोज राय, गयूर, सुरजीत सिंह, समीम, मनीष नेगी, चौधरी मामराज, समून, शेर सिंह चौधरी, श्रवण गर्ग, क्रिस्टीना, राघव भल्ला, जसकीरत सिंह, अंकुर चौरसिया, जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा, शेर सिंह, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।