देश को चोर-डकैतों से कम, नेताओं से ज्यादा खतरा : रघुनाथ सिंह नेगी

उत्तराखंड बोल रहा है हर खबर सच के संग

देश को चोर-डकैतों से कम, नेताओं से ज्यादा खतरा : रघुनाथ सिंह नेगी

द डिवाइन स्कूल के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि ने राजनीतिक व्यवस्था पर साधा निशाना, विद्यार्थियों से समाज में बदलाव का वाहक बनने का किया आह्वान

उत्तराखंड बोल रहा है..
**विकासनगर।** द डिवाइन स्कूल का वार्षिकोत्सव उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के बीच धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा और कला का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने अपने संबोधन में देश की राजनीतिक व्यवस्था और समाज में गिरते नैतिक मूल्यों पर तीखा कटाक्ष किया।

नेगी ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल अपराध और भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि व्यवस्था के भीतर पनप रही उन प्रवृत्तियों से भी है, जो जनता के विश्वास को लगातार कमजोर कर रही हैं। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि **देश को चोर-डकैतों से कम और नेताओं से ज्यादा खतरा है।** जनता जिन जनप्रतिनिधियों को उम्मीद और विश्वास के साथ चुनकर सदन तक पहुंचाती है, उनमें से कई अपने दायित्वों पर खरे उतरने के बजाय जनता की अपेक्षाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नैतिक, सामाजिक और आर्थिक मूल्यों में गिरावट किसी भी राष्ट्र के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि देश का भविष्य कक्षाओं में तैयार हो रहा है। इसलिए विद्यार्थियों की भूमिका केवल अच्छे अंक हासिल करने और नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें एक जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनकर समाज में व्याप्त कुरीतियों, भ्रष्टाचार और गलत परंपराओं के खिलाफ आवाज उठानी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। नेगी ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि सही और गलत के बीच अंतर समझकर समाज को बेहतर दिशा देना है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जन संघर्ष मोर्चा के महासचिव आकाश पंवार मौजूद रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिक्षा के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

विद्यालय के निदेशक निसार अहमद ने अतिथियों का स्वागत किया। वार्षिकोत्सव में सोनाक्षी, शुहान खत्री, शानू, रिजा, हुमैरा, अवनी चौहान, सृष्टि राणा, समृद्धि चौहान, सिमरन, श्रेया, आलिया, आरुषि, निवांशी वर्मा, माही, नव्या, अंश, लक्ष्य, हारिस, अहमद, अनुज, समर्थ शर्मा, आदित्य, नवीन, हिमांशु और आयुष सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर हाजी असद, प्रवीण शर्मा पिन्नी, मोहम्मद इस्लाम, फतेह आलिम, आसिफ एडवोकेट, शमीम खान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनीता शर्मा, शिवांश राणा, छात्रा सोनाक्षी राणा और नबिया ने किया। उप प्रधानाचार्य बनीता तोमर, प्रबंधक मुर्सलीन तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रियंका जोशी, अंजू चौहान, खतीजा, नेहा जोशी, प्रियंका चौहान, गुलरेज, देवयानी, कल्पना रावत, जन्नत और संतोषी सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा।