उत्तराखंड के “विदेश मंत्री” बने धन दा!

कांग्रेस का आरोपः जनता के पैसे को विदेशी दौरे में खर्च कर रहे धन सिंह रावत

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत अपने लगातार विदेश दौरों को लेकर सुर्खियों में हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले धन सिंह रावत ने सिंगापुर, लंदन, नीदरलैंड, दुबई, ताइवान और लक्षद्वीप सहित कई देशों की यात्राएं की हैं, जिससे विपक्ष ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल ने तंज कसते हुए उन्हें ‘विदेश मंत्री’ तक कह दिया और आरोप लगाया कि ये दौरे जनता के टैक्स के पैसों की बर्बादी हैं और राज्य को इनसे कोई ठोस लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने दावा किया कि ताइवान दौरे की रिपोर्ट 9 महीने तक नहीं सौंपी गई, जिससे ये यात्राएं केवल पर्यटन प्रतीत होती हैं।

धन सिंह रावत ने फरवरी 2023 में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ ताइवान यूनिवर्सिटी में एग्जीक्यूटिव लीडरशिप प्रोग्राम में हिस्सा लिया था। मार्च 2024 में वे शिक्षा प्रणाली के अध्ययन के लिए फिनलैंड और स्विट्जरलैंड गए। इसी महीने उन्होंने लंदन और लक्षद्वीप का भी दौरा किया। इससे पहले वे नीदरलैंड, सिंगापुर और दुबई सहित कई देशों की यात्रा कर चुके हैं।

धन सिंह रावत का कहना है कि उनके विदेश दौरे स्वास्थ्य, शिक्षा और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यूरोप में शिक्षा व्यवस्था का अध्ययन किया गया और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने के लिए ताइवान दौरा किया गया।

स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। जनता का कहना है कि जब अस्पतालों में डॉक्टरों और स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, तब मंत्री के बार-बार विदेश जाने का क्या औचित्य है। कांग्रेस इसे चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी कर रही है, जबकि भाजपा सरकार इसे विकासोन्मुखी कदम बता रही है। अब देखना होगा कि ये यात्राएं राज्य के विकास में योगदान देंगी या केवल एक राजनीतिक विवाद बनकर रह जाएंगी।