उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि अब ₹1.5 करोड़

उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि अब ₹1.5 करोड़

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर सैनिकों को मिला बड़ा तोहफा

देहरादून, 25 जुलाई 2025
कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड सरकार ने देश की सर्वोच्च वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों को बड़ा सम्मान देते हुए, उनकी अनुग्रह राशि ₹50 लाख से बढ़ाकर ₹1.5 करोड़ करने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त, उन्हें पहले की तरह हर वर्ष ₹3 लाख की वार्षिक सहायता राशि मिलती रहेगी।

यह ऐतिहासिक घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृहक्षेत्र खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह के दौरान की। यह समारोह मुख्यमंत्री के पिता एवं भारतीय सेना के पूर्व सूबेदार स्व. शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ था।

मुख्यमंत्री ने कहा:

“हमारी सीमाएं हमारे वीर सैनिकों के बलिदान से सुरक्षित हैं। उत्तराखंड वीरों की भूमि है और हम सैनिकों तथा उनके परिजनों के सम्मान और कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं।”


अनुग्रह राशि में अब तक हुए बदलाव:

जून 2022 से पहले: ₹30 लाख

कैबिनेट निर्णय (10 जून 2022): ₹50 लाख

शासनादेश (14 जुलाई 2022): ₹50 लाख

अब (जुलाई 2025): ₹1.5 करोड़


सरकार के इस फैसले को सैनिकों के त्याग और पराक्रम को सलाम करने के साथ-साथ युवाओं में सैन्य सेवा के प्रति प्रेरणा जगाने वाला कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री का यह निर्णय उनके सैनिक परिवार की पृष्ठभूमि और देशभक्तिपूर्ण दृष्टिकोण का परिचायक है।

जनभावना को मिला सम्मान, वीरता को मिला सम्मान
उत्तराखंड, जो हर सैन्य संघर्ष में अग्रणी रहा है, इस निर्णय के माध्यम से एक बार फिर देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की मिसाल बन गया है।