फर्जी फौजी बनकर भूमि हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार
देहरादून।, (उत्तराखंड बोल रहा है), रानीपोखरी थाना पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने लापता फौजी की भूमि को फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पने का प्रयास किया था। आरोपी बलवंत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर खुद को लापता फौजी हुकूम सिंह बताकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
वादी राजेन्द्र सिंह, ग्राम मादसी, गडूल, ऋषिकेश ने तहरीर दी थी कि उनके चचेरे भाई हुकूम सिंह वर्ष 1971-72 के युद्ध के बाद से लापता हैं। हुकूम सिंह के नाम पर दर्ज 20.5 बीघा भूमि की देखरेख परिजन कर रहे थे। लेकिन 2024 में जब भूमि की फर्द तहसील ऋषिकेश से निकाली गई, तो पता चला कि वर्ष 2007 में यह भूमि भूपेन्द्र सिंह निवासी ग्राम धौलास के नाम दर्ज हो चुकी है। जांच में खुलासा हुआ कि भूपेन्द्र सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर जाली दस्तावेज तैयार करवाए और बलवंत सिंह को फर्जी हुकूम सिंह बनाकर रजिस्ट्री अपने नाम कराई।
पुलिस ने आज (2 सितंबर 2025) आरोपी बलवंत सिंह पुत्र स्व. इन्द्र सिंह, निवासी ग्राम धौलास, थाना प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस टीम
उ0नि0 विकेन्द्र चौधरी, थानाध्यक्ष रानीपोखरी
का0 दुष्यन्त
का0 कर्मजीत
का0 चालक चैनपाल