परेड ग्राउंड में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह — मुख्यमंत्री धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को दी 6 बड़ी सौगातें

परेड ग्राउंड में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह — मुख्यमंत्री धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को दी 6 बड़ी सौगातें

देहरादून — 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया और ऐतिहासिक स्वतंत्रता संग्राम की झलक दिखाने वाली फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य पुलिस, फायर सर्विस और विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक, मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक एवं अन्य सम्मानों से सम्मानित किया।

सम्मान पाने वालों में अपर पुलिस महानिदेशक श्री अजय प्रकाश अंशुमान, श्रीमती श्वेता चौबे, श्री योगेश चन्द्र, श्री विपिन चन्द्र पाठक, श्री नरेन्द्र सिंह बिष्ट, श्री राकेश चन्द्र भट्ट, श्री अजय प्रकाश सेमवाल, श्री सुनीत कुमार, श्री शेखर चन्द्र सुयाल, श्री राजेन्द्र सिंह खोलिया सहित अनेक पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और खिलाड़ी शामिल रहे।

मुख्यमंत्री की 6 बड़ी घोषणाएं

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश हित में 6 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं —

मिड-डे मील योजना वाले विद्यालयों में गैस सिलेंडर और चूल्हे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 2 गैस सिलेंडर और 1 चूल्हा प्रदान किया जाएगा।

पेयजल संकट वाले विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 हैंडपंप लगाए जाएंगे।

ग्राम चौकीदार और ग्राम प्रहरी के मानदेय में ₹1000 की वृद्धि।

सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में ₹2000 की वृद्धि।

दूरस्थ व रोजगारमूलक उच्च शिक्षा के लिए जनपद स्तर पर विशेष शैक्षणिक केंद्र, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सहयोग से स्थापित होंगे।

गंगोत्री सहित हिमालयी ग्लेशियरों का नियमित अध्ययन और आपदा प्रबंधन विभाग को और अधिक सशक्त किया जाएगा।


विकास और आत्मनिर्भरता पर फोकस

मुख्यमंत्री धामी ने वीर बलिदानियों को नमन करते हुए आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है और रक्षा से लेकर विज्ञान, तकनीकी, कृषि व पर्यटन तक हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 30 से अधिक क्षेत्रों के लिए विशेष नीतियां लागू की गई हैं, जिसके तहत धार्मिक पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, फिल्म व वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में राज्य को विकसित किया जा रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में ₹3.56 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।

खेल, कृषि और पर्यटन को नई उड़ान

राज्य को ‘खेलभूमि’ बनाने के लिए 23 खेल अकादमियां स्थापित की जा रही हैं। योग एवं अध्यात्म को बढ़ावा देने के लिए दो ‘स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन’ बनाए जा रहे हैं। किसानों को बिना ब्याज ऋण, 80% सब्सिडी पर कृषि उपकरण, नई सेब नीति, स्टेट मिलेट मिशन और ड्रैगन फ्रूट नीति जैसी योजनाएं लागू की गई हैं।

सुशासन और कानून व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 24,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी आई है। साथ ही ‘समान नागरिक संहिता’ कानून लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया गया है, अतिक्रमण से 7000 एकड़ भूमि मुक्त कराई गई है और धर्मांतरण रोकने के लिए कानून और सख्त किया गया है।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जिला प्रशासन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।