गढ़वाल–कुमाऊं को जोड़ेगा सिंगटाली पुल, मुख्यमंत्री धामी ने दी 57 करोड़ की स्वीकृति

गढ़वाल–कुमाऊं को जोड़ेगा सिंगटाली पुल, मुख्यमंत्री धामी ने दी 57 करोड़ की स्वीकृति

देहरादून/पौड़ी। गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल के निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पुल के लिए 57 करोड़ रुपए की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। शासन द्वारा प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

यह पुल पौड़ी जिले की यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कौडियाला–व्यासघाट मोटर मार्ग के किमी 01 पर गंगा नदी पर प्रस्तावित है। पुल की कुल लंबाई 150 मीटर होगी और निर्माण पर लगभग 57 करोड़ 5 लाख 25 हजार रुपए की लागत आएगी। मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई व्यय–वित्त समिति की बैठक में प्रस्ताव को पहले ही हरी झंडी दी जा चुकी थी।

लंबे समय से जनता कर रही थी मांग
सिंगटाली पुल की मांग क्षेत्रीय जनता लंबे समय से कर रही थी। गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए यह पुल बेहद अहम माना जा रहा है। पुल बनने से यातायात सुगम होगा और दोनों अंचलों के बीच दूरी कम होने के साथ-साथ पर्यटन और व्यापार को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि – “प्रदेश की जनता से किए गए वादों को पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिंगटाली पुल निर्माण की स्वीकृति के बाद अब तेजी से कार्य प्रारंभ होगा और तय समयसीमा में इसे पूरा किया जाएगा।”

स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे गढ़वाल–कुमाऊं के बीच कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।