विकासनगर। देशभर में चल रही भाजपा किसान मोर्चा की ग्राम परिक्रमा यात्रा का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हरबर्टपुर से लेकर विकासनगर तक ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर यात्रा निकाली। केंद्र की मोदी सरकार के समर्थन में नारेबाजी की। यात्रा में 60 से अधिक ट्रैक्टर ट्रालियां शामिल रहीं।
यात्रा बाबूगढ़, आर्य समाज चौक, पहाड़ी गली, सिनेमा गली, मुख्य बाजार होते हुए बाबूगढ़ स्थित चुनाव कार्यालय में संपन्न हुई। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह पुंडीर ने कहा कि 14 फरवरी से देशभर में एक माह की यात्रा की शुरुआत की गई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने गांव गांव जाकर किसानों को केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के बारे में बताया। किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आमदनी को दोगुना करने के दिशा में कार्य कर रही है। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि बीते 10 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मीता सिंह, प्रमोद रतूड़ी, संजय गुप्ता, मोर्चा के अध्यक्ष मातवर सिंह बिष्ट, महामंत्री अनुज गुलेरिया, नारायण ठाकुर, विनोद कश्यप, अनिल कुमार, नीरज ठाकुर, सुखदेव फरस्वाण, अंजू देवी, खजान नेगी, ऋषभ अग्रवाल, संतोष रावत, मोहित ठाकुर, नवीन रावत, दीवान सिंह मौजूद रहे।