पुल नंबर एक–खादर सड़क निर्माण को मिली स्वीकृति, जन संघर्ष मोर्चा की बड़ी जीत

पुल नंबर एक–खादर सड़क निर्माण को मिली स्वीकृति, जन संघर्ष मोर्चा की बड़ी जीत

विकासनगर। (उत्तराखंड बोल रहा है) जनपद देहरादून के विकासनगर क्षेत्र स्थित नवाबगढ़ में पुल नंबर एक से खादर तक जाने वाली 3.7 किलोमीटर लंबी सड़क के सुधारीकरण एवं पुनर्निर्माण को सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह सड़क 3.12 करोड़ रुपये की लागत से वित्तीय वर्ष 2025–26 में बनाई जाएगी, जिसके सापेक्ष टोकन मनी भी जारी कर दी गई है। इसे जन संघर्ष मोर्चा की बड़ी जीत माना जा रहा है।
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि यह स्वीकृति मोर्चा के सवा साल के अथक संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के अंत में पुल नंबर एक से खादर की ओर जाने वाली सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई थी। भारी वाहनों के आवागमन से सड़क पर दो से ढाई फीट तक गहरे गड्ढे बन गए थे, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था।
नेगी ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर मोर्चा ने आंदोलन छेड़ा और मुख्यमंत्री से 4–5 बार मुलाकात कर सड़क निर्माण हेतु धन स्वीकृति की दिशा में शीघ्र पत्रावली प्रस्तुत कराने के आदेश जारी करवाए। इसके बाद पत्रावली को एक पटल से दूसरे पटल तक पहुंचाने के लिए दिन-रात प्रयास किए गए, जिसका परिणाम अब स्वीकृति के रूप में सामने आया है।
उन्होंने कहा कि सड़क के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। नेगी ने स्पष्ट किया कि जन संघर्ष मोर्चा आगे भी जनता के हितों को लेकर संघर्ष करता रहेगा।
पत्रकार वार्ता में विजयराम शर्मा एवं अध्यक्ष जैन भी उपस्थित रहे।