दून पुलिस का सराहनीय कार्य — यमुना नदी के टापू में फंसे 11 मजदूरों का सफल रेस्क्यू

देहरादून, 03 जुलाई 2025
दून पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आमजन की सुरक्षा ही उनकी प्राथमिकता है। आज डाकपत्थर क्षेत्र में यमुना नदी के बीच टापू में फंसे 11 मजदूरों को पुलिस ने एसडीआरएफ और जल पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सकुशल रेस्क्यू कर लिया।

घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा सुबह डाकपत्थर चौकी को दी गई थी। बताया गया कि अशोक आश्रम डुमेट के सामने यमुना नदी में एक टापू पर कुछ पुरुष और महिलाएं फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस दल आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुँचा और तुरंत एसडीआरएफ व जल पुलिस की टीमों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाते हुए 07 पुरुषों और 04 महिलाओं सहित कुल 11 लोगों को सकुशल बाहर निकाला। सभी व्यक्ति मजदूरी का कार्य करते हैं और सुबह नदी की ओर गए थे। इसी दौरान जलस्तर अचानक बढ़ गया और सभी एक टापू पर जा फंसे।

रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों के नाम इस प्रकार हैं:

कालीचरण पुत्र ठाकुर

अजीत कुमार पुत्र सतवीर

बिट्टू पुत्र ठाकुर

विक्की पुत्र भोपाल सिंह

अशोक पुत्र राजा

सूर्य पुत्र गामू सिंह

जगबीर पुत्र कलवा

हेमलता पत्नी अजीत

नीरज पत्नी बिट्टू

चंद्रावती पत्नी जगबीर

कल्पना पत्नी कालीचरण


सभी निवासी डुमेट, कोतवाली विकासनगर, जिला देहरादून हैं।

सभी रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों ने पुलिस की त्वरित कार्यवाही और सूझबूझ की प्रशंसा करते हुए उत्तराखण्ड पुलिस का आभार व्यक्त किया।

दून पुलिस ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि आपदा की घड़ी में वह हर समय आमजन के साथ खड़ी है।