पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन में तेज़ी, जल्द होंगे नए अध्यक्षों के गठन

राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक, संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करने पर जोर

देहरादून। आगामी पंचायत चुनावों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस में संगठनात्मक गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को राजीव भवन, राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा से कांग्रेस नेताओं ने मुलाकात की और संगठन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की।

बैठक के दौरान उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव विकास शर्मा ने सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा से विकासनगर जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के शीघ्र गठन की मांग की। इस पर सुरेंद्र शर्मा ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष से चर्चा कर जल्द निर्णय लिया जाएगा।

इस मौके पर उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष (प्रशासनिक) सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश सचिव विकास शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष विकासनगर अभिनव ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष सेलाकुई अमित पवार, हर्बर्टपुर शहर अध्यक्ष आशीष पुंडीर, शिवम समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रत्येक बूथ पर कमेटी गठन का आह्वान

अपने संबोधन में शहर कांग्रेस प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को प्रत्येक कार्यकर्ता तक पहुंचाना समय की मांग है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बूथ पर अध्यक्ष और उसकी कमेटी का गठन कर शीघ्र ही प्रदेश कार्यालय को सूचित करें। इससे संगठन को ज़मीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने इस अवसर को संगठन के पुर्नगठन के लिए अहम कदम बताया।