नाबालिग से जबरन विवाह और दुष्कर्म के आरोपी को देहरादून पुलिस ने दबोचा, हरियाणा से गिरफ्तारी
देहरादून। दून पुलिस ने एक बार फिर महिला और बाल अपराधों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक गंभीर अपराध का खुलासा किया है। 15 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर हरियाणा ले जाकर जबरन विवाह और फिर बलात्कार करने वाले आरोपी को विकासनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में की गई।
पीड़िता की बड़ी बहन द्वारा विकासनगर कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, हरियाणा निवासी दर्शी देवी और अनीता नामक दो महिलाओं ने नाबालिग को धोखे से खेदराबाद (हरियाणा) ले जाकर जबरन संदीप नामक युवक से विवाह करवा दिया। इसके बाद आरोपी संदीप ने पीड़िता के साथ बलात्कार किया। जब इस जघन्य कृत्य की जानकारी परिजनों को हुई, तो वे उसे हरियाणा से वापस लेकर आए।
इस अमानवीय घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर आरोपी पक्ष द्वारा पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
विकासनगर कोतवाली में मु0अ0स0 166/2025 धारा 64/351(3) भा.दं.सं. व 3/4 पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ बयान दर्ज किए और कार्रवाई को तेजी से आगे बढ़ाया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
नाम: संदीप पुत्र स्व. मंगतराम
निवासी: ग्राम चुहडपुर, थाना छछरोली, जिला यमुनानगर, हरियाणा
उम्र: 31 वर्ष
वांछित अभियुक्त:
दर्शी देवी निवासी खेदराबाद, हरियाणा
अनीता निवासी खेदराबाद, हरियाणा
गिरफ्तारी टीम:
उप निरीक्षक संदीप पंवार
महिला उप निरीक्षक दीपा शाह
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।
उत्तराखंड बोल रहा है
यह खबर प्रदेश में महिला और बाल सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की गंभीरता और कार्यप्रणाली का मजबूत उदाहरण बनकर सामने आई है।