देहरादून , एसपी का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कानून व्यवस्था से समझौता नहीं

देहरादून , एसपी का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कानून व्यवस्था से समझौता नहीं
(उत्तराखंड बोल रहा है)
उत्तराखंड पुलिस के अंतर्गत जनपद देहरादून में कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया है। दिनांक 24 फरवरी 2026 की देर रात्रि मीडिया सेल देहरादून द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी—लापरवाही बरतने वाले कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
जवाबदेही तय, अब क्षेत्राधिकारी भी रहेंगे जिम्मेदार
बैठक में स्पष्ट किया गया कि अब केवल थाना प्रभारी ही नहीं, बल्कि संबंधित क्षेत्राधिकारी की भी जवाबदेही तय की जाएगी। यदि किसी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित होती है तो सीधे तौर पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


“ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत सख्त सत्यापन
सभी संस्थानों, प्रतिष्ठानों, औद्योगिक क्षेत्रों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
अभियान में शिथिलता मिलने पर थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई तय।
नियमित चेकिंग पॉइंट के साथ-साथ आकस्मिक चेकिंग भी अनिवार्य।
चेकिंग का समय और स्थान स्वयं क्षेत्राधिकारी/थाना प्रभारी तय करेंगे।
पीक आवर्स में बढ़ेगी पुलिस की विजिबिलिटी
भीड़भाड़ वाले बाजारों, मुख्य मार्गों और चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी।
पीक आवर्स के दौरान क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
अभ्यस्त अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही
संगठित अपराधों में लिप्त अपराधियों को चिन्हित कर गैंगस्टर एक्ट के तहत निरुद्ध किया जाएगा।
यदि कार्यवाही में ढिलाई पाई गई तो थाना प्रभारी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी की भी जवाबदेही तय होगी।
ईनामी अभियुक्तों की धरपकड़ को विशेष टीमें गठित
सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि ईनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई करें।
रमजान और होली के मद्देनज़र विशेष सतर्कता
वर्तमान में चल रहे रमजान माह और आगामी होली पर्व को देखते हुए:
संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता।
पूर्व में हुए विवादों की समीक्षा कर सुरक्षा प्रबंध सुदृढ़ करने के निर्देश।
किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित थाना प्रभारी पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।
एसएसपी का दो टूक संदेश
“जनपद में शांति और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
देहरादून पुलिस का यह सख्त रुख साफ संकेत दे रहा है कि अब जवाबदेही तय होगी और हर स्तर पर अनुशासन एवं सक्रियता अनिवार्य होगी। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।