डाकपत्थर को तीर्थ यात्रियों के लिए विश्राम केंद्र घोषित करने की माँग

-जनजागरण समाज सेवी संस्था ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

जनजागरण समाज सेवी संस्था के अध्यक्ष सुबोध गोयल ने विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर डाकपत्थर को तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों के लिए आधुनिक विश्राम केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की माँग की है। संस्था का कहना है कि डाकपत्थर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर एक शांत पर्यटन स्थल है, जहाँ पर्यटकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं पहले से मौजूद हैं।

समाजसेवी कौशल गुप्ता ने कहा कि डाकपत्थर में गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) का बड़ा विश्राम गृह, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, खुले मैदान और टीन शेड जैसी व्यवस्थाएं पहले से उपलब्ध हैं, जो इसे तीर्थ यात्रियों के ठहराव के लिए उपयुक्त बनाती हैं। इसके अलावा स्वच्छ जल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था जैसी आधारभूत सुविधाएं भी यहाँ मौजूद हैं। जिससे स्थानीय लोगों को सेवा, व्यवसाय व रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यात्रा सीजन के दौरान डाकपत्थर में पर्यटकों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि होती है, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन और ठहराव की पर्याप्त व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जाती है। ऐसे में डाकपत्थर, अपनी भौगोलिक स्थिति और संसाधनों के कारण, एक स्थायी मॉडल विश्राम केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।

संस्था ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस दिशा में शीघ्र पहल कर डाकपत्थर को राज्य सरकार द्वारा औपचारिक रूप से विश्राम केंद्र के रूप में घोषित किया जाए। बैठक में संस्था के अध्यक्ष सुबोध गोयल, कौशल गुप्ता, मंजीत, शोमिल गोयल, विपिन कुमार, श्याम सिंह थापा, तारक घोष, पंडित ओम प्रकाश शास्त्री, निरंकार शर्मा, राकेश शर्मा, प्रमोद गर्ग, अरुणेश सिंघल, अंकित गोयल आदि मौजूद रहे।