भ्रष्टाचारियों पर ‘ऑपरेशन भस्मासुर’ चलाने की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने खोला बड़ा मोर्चा
विकासनगर, 31 अगस्त। जन संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश के भ्रष्ट विधायकों, मंत्रियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार से “ऑपरेशन भस्मासुर” चलाने की मांग की है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएनवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जिस प्रकार सरकार फर्जी बाबाओं और साधुओं पर ‘ऑपरेशन कालनेमि’ चला रही है, उसी तर्ज पर अब इन भ्रष्ट नेताओं और अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा जाना चाहिए।
नेगी ने आरोप लगाया कि बीते 15-20 सालों में कई नेता और अधिकारी, जो कभी दाल-रोटी के मोहताज थे, आज सैकड़ों-हजार करोड़ के मालिक बन बैठे हैं। सुविधा शुल्क और अवैध वसूली से इन्होंने आम जनता को लूटा और अपने विशाल वाणिज्यिक साम्राज्य खड़े कर लिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की गरीब जनता रोज़गार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए तिल-तिल मर रही है, जबकि ये भ्रष्टाचार में लिप्त लोग सिर्फ अपने व्यवसायिक साम्राज्य को मजबूत करने में जुटे हैं। “सवाल यह है कि आखिर इन भ्रष्टों की जांच क्यों नहीं हो रही? क्या कानून और शासन केवल गरीब जनता के लिए ही है?” – नेगी ने कहा।
मोर्चा ने साफ कहा कि जनता के धन से साम्राज्य खड़ा करने वाले इन नेताओं और अधिकारियों की संपत्ति की कड़ी जांच कराई जाए और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए। उन्होंने यह भी मांग रखी कि राजभवन को इस पूरे मामले का संज्ञान लेना चाहिए, ताकि जनता के साथ हो रहे अन्याय का अंत हो सके।
पत्रकार वार्ता के दौरान सलीम मुजीबुर्रहमान और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे।