प्राचीन शिव मंदिर से निकली भव्य निशान यात्रा: बग्घी पर विराजमान श्याम बाबा का जगह-जगह किया स्वागत, भक्तिमय रहा माहौल

श्री खाटू श्याम सेवा समिति विकासनगर द्वारा श्याम फाल्गुन महोत्सव के अवसर पर शनिवार को प्राचीन शिव मंदिर कैनाल रोड से श्री खाटू श्याम धाम सेलाकुई तक तृतीय भव्य पैदल श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर परिसर में निशान पूजन से हुई। शोभा यात्रा में सबसे आगे बहुरंगी पुष्पों से सजी बग्घी पर श्याम बाबा विराजमान थे। पैदल निशान यात्रा का विभिन्न सामाजिक सगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा जगह-जगह पर स्वागत द्वार लगाकर पुष्प व इत्र वर्षा कर अभिनन्दन किया गया। यात्रा में लगभग 1000 श्याम भक्त सहित सैकड़ों महिलाएं, पुरुष और बच्चे बाबा श्याम का निशान लेकर करीब 21 किलोमीटर लंबी यात्रा करते हुए अबीर -गुलाल खेलते हुए डीजे पर बज रहे भक्ति धुनों पर थिरकते हुए चले। हाथों में निशान लेकर चलने वालों में महिला भक्तों की संख्या अधिक थी। यह भव्य यात्रा श्री राधा कृष्ण मंदिर कैनाल रोड से सुबह 7 बजे डीजे व ढोल की थाप के साथ प्रारंभ होकर मुख्य बाजार से होते हुए चाय बागान, बरोटी वाला चौक के रास्ते सहसपुर, सेलाकुई होते हुए 2 बजे श्याम जयकारों की धुन में खाटू श्याम धाम सेलाकुई पहुंची। यात्रा के दौरान भक्त ‘फागण आयो रे सावरियां तेरी याद सतावे रे’ और ‘जगत में दो ही नाम राम कहो या श्याम’ जैसे भजनों पर नाचते-झूमते रहे। यात्रा में बुजुर्ग और असमर्थ भक्तों के लिए ऑटो, ई- रिक्शा एवं अन्य वाहनों की भी व्यवस्था की गयी। खाटू श्याम मंदिर में पहुंचकर बाबा खाटू श्याम को निशान अर्पण किए। साथ ही धाम पर भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यात्रा के साथ साथ पुलिस के जवान भी चलते रहे।


भव्य यात्रा में समिति के अंकित कंसल, कौशल गुप्ता, एकांत गुप्ता, दिव्यांश गर्ग, अंकित जैन, हेमंत गुप्ता, अनिल गोयल, रजत जैन, सचिन गोयल, राजीव टंडन, संदीप चावला, संजय कौशिक, शुभम अग्रवाल, वीरेंद्र गर्ग, अमन शर्मा, कमल मित्तल, राहुल शर्मा, हरीश अरोड़ा, राजकुमार रोहिला, साहिल गोयल, सुधीर महावार, मनीष अग्रवाल, शैलेंद्र शर्मा, पंकज गौड़, नीरज रोहिल्ला, विशेष शर्मा, अमर जुनेजा, दिनेश अरोड़ा समेत, शैलेन्द्र तोमर, रजत निषाद तमाम श्याम बाबा के भक्त गण शामिल हुए।