सोलर प्लांट्स में कार्यरत श्रमिकों को न्याय दिलाने को जन संघर्ष मोर्चा ने भरी हुंकार
विकासनगर।( उत्तराखंड। बोल। रहा। है।)
विकासनगर क्षेत्र में स्थापित सोलर प्लांट्स में कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड्स एवं मालियों के शोषण के खिलाफ जन संघर्ष मोर्चा ने मोर्चा खोलते हुए उन्हें न्याय दिलाने की मांग उठाई है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील विकासनगर पहुंचकर उप जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में तहसीलदार श्री विवेक राजौरी को ज्ञापन सौंपा। मौके पर तहसीलदार ने दूरभाष पर उप जिलाधिकारी को पूरे मामले से अवगत कराया, जिस पर उप जिलाधिकारी ने शीघ्र कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि सोलर प्लांट्स में कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड्स एवं मालियों को किस कंपनी अथवा संस्था के माध्यम से कार्य पर लगाया गया है, इसका न तो श्रमिकों को कोई ज्ञान है और न ही संबंधित श्रम अधिकारियों को। उन्होंने आरोप लगाया कि इन श्रमिकों से प्रतिदिन 12-12 घंटे काम लिया जा रहा है, जबकि सप्ताह में कोई अवकाश भी नहीं दिया जाता। सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं और वेतन भी निर्धारित मानकों से कम दिया जा रहा है।
नेगी ने बताया कि कई सोलर प्लांट्स में गार्ड्स के लिए गार्ड रूम तक की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे उन्हें बारिश, धूप और ठंड में खुले में ड्यूटी करनी पड़ती है। हैरानी की बात यह है कि इन श्रमिकों के लिए न तो पीएफ और न ही ईएसआई की कोई व्यवस्था की गई है। ऐसे में यदि कोई दुर्घटना हो जाती है तो इलाज और परिवार की देखभाल की जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल है।
उन्होंने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि जिन सोलर प्लांट मालिकों व संचालकों द्वारा श्रम कानूनों और सरकारी गाइडलाइंस का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित श्रमिकों को उनका हक दिलाया जाए।
इस दौरान कार्यक्रम में विजयराम शर्मा, मोहम्मद आरिफ, के. सी. चंदेल, हाजी असद, प्रवीण शर्मा पिन्नी, अध्यक्ष अमित जैन, प्रोवीर दास, कुंवर सिंह चौहान, आर. पी. भट्ट, जयकृत नेगी, मोहम्मद अली खान, मेहंदी हसन, चौ. अमन सिंह, सुशील भारद्वाज, प्रमोद शर्मा, रहबर अली, भीम सिंह बिष्ट, नरेंद्र तोमर, सुरजीत सिंह, नरेश ठाकुर, समून, मुकेश पसपोला, श्रवण गर्ग, दिनेश गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
