ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर एडीजी मुरुगेशन के खिलाफ जन संघर्ष मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन
विकासनगर। (उत्तराखंड। बोल। रहा है।) प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने अपर पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) श्री वी. मुरुगेशन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तहसील विकासनगर का घेराव किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर एडीजी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी विकासनगर श्री विनोद कुमार को सौंपा।
मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि एडीजी लॉ एंड ऑर्डर श्री वी. मुरुगेशन की कथित लापरवाही एवं निकम्मी कार्यशैली के कारण प्रदेश में माफियाओं और अवैध कारोबारियों का साम्राज्य स्थापित हो गया है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि बदमाशों से ज्यादा जनता पुलिसिया आतंक से डरने लगी है। कई स्थानों पर पुलिसिया लूट-खसोट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन भय और असुरक्षा के साए में जीवन जीने को मजबूर है।
नेगी ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्यशैली से त्रस्त होकर कुछ लोग आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अपने कार्यालयों में “कुर्सी की शोभा” बढ़ाने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में बदमाशों और माफियाओं की खुलेआम आमद बढ़ चुकी है और दिन-दहाड़े वारदातें हो रही हैं, जिसका मुख्य कारण पुलिस पर उच्च अधिकारियों का नियंत्रण न होना है।
उन्होंने हाल ही में एक किसान आत्महत्या प्रकरण में निलंबित दरोगा की एसीआर लीक होने का मामला उठाते हुए सवाल किया कि इतनी संवेदनशील जानकारी सोशल मीडिया तक कैसे पहुंची और इसका जिम्मेदार कौन है। नेगी ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी का दायित्व है कि वह समय-समय पर आमजन से सीधा संवाद करे, ताकि पुलिसिया कार्यशैली की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और जनता स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके।
मोर्चा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आज कई मैदानी जनपदों में जानलेवा चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है और नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इस ओर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर का कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि श्री मुरुगेशन को एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के बजाय “एडीजी वीआईपी ट्रीटमेंट” बनाया जाना चाहिए।
जन संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो यह मामला सरकार के उच्च स्तर पर और अधिक मजबूती से उठाया जाएगा।
इस प्रदर्शन एवं घेराव में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार सहित विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, राम सिंह तोमर, मुजीबर्रहमान सलीम, हाजी असद, रूपचंद, जयकृत नेगी, के.सी. चंदेल, राजेंद्र पंवार, सफदर, युवराज तोमर, मानचंद राणा, इदरीश, नाथीराम, अतुल हांडा, विनोद रावत, शहजाद, विक्रम पाल, यूनुस, प्रमोद शर्मा, भजन सिंह नेगी, निशा खातून, गोविंद सिंह नेगी, गौरव लोधा, सरोज गांधी, जयपाल सिंह, चौ. मामराज, प्रकाश पाठक, दरबान सिंह असवाल, नानक सिंह, सायरा बानो, अंकुर चौरसिया, शमशाद, इमरान, मुन्ना राम शर्मा, परवीन, दिनेश राणा, गफूर, नाहिद खान, जाबिर हसन, दिनेश गुप्ता, संतोष शर्मा, सफीक पांडे, जसवीर, संध्या गुलरिया, क्रिस्टीना, भूरा, नसीम, सुनील सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
