सीवरेज कार्यों की अव्यवस्थाओं को लेकर मोर्चा का तहसील में हल्ला बोल, चेतावनी
विकासनगर।(उत्तराखंड बोल रहा है)
विकासनगर पालिका क्षेत्र में यूलिप परियोजना के अंतर्गत चल रहे सीवरेज व पेयजल लाइन बिछाने के कार्यों में व्याप्त अव्यवस्थाओं और जनता को हो रही भारी परेशानियों के विरोध में जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील में जोरदार हल्ला बोला। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील का घेराव किया। मौके पर जिम्मेदार अधिकारियों के उपस्थित न रहने पर मोर्चा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नायब नाजिर को सौंपा।

रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि यूयूएसडीए (उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी) द्वारा ठेकेदारों के माध्यम से लगभग 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सीवरेज एवं पेयजल लाइन का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी व अभियंता मौके पर मौजूद नहीं रहते, जिसके चलते कार्य पूरी तरह अव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सड़कों को खोदकर उन्हें आधा-अधूरा छोड़ दिया जाता है। जहां लाइन बिछा दी गई है, वहां समतलीकरण और पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और लोगों के घरों में धूल-मिट्टी भर रही है। इन हालातों के चलते कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।
मोर्चा को आशंका है कि बिछाई जा रही सीवरेज लाइन का लेवल भी सही नहीं है। कई स्थानों पर सीवरेज चैंबर ऊंचे बनाकर छोड़ दिए गए हैं, जिनके लिए कोई समुचित समाधान नहीं किया गया। संबंधित विभाग द्वारा मौके पर कोई प्रभावी सुपरविजन नहीं किया जा रहा और सारा काम ठेकेदारों व मजदूरों के भरोसे छोड़ा गया है। नेगी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो कार्यदायी संस्था और ठेकेदार जनता पर कोई एहसान कर रहे हों।

मोर्चा ने नगर पालिका और प्रशासन से इन अव्यवस्थाओं में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो तहसील में तालाबंदी की जाएगी।
घेराव व प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, हाजी असद, रूपचंद, अध्यक्ष अमित जैन, महेंद्र सिंघल, एम.ए. सिद्दीकी, सलीम खान, सुशील भारद्वाज, प्रवीण कुमार, संजय गुप्ता, सतीश गुप्ता, सरोज गांधी, जगदीश रावत, वाहिद कुरैशी, दरबान सिंह असवाल, नानक सिंह, सायरा बानो, सुरजीत सिंह, सियाराम बिष्ट, इमरान, गुरचरण सिंह, खुशनुदा, परवीन, गय्यूर, सलीम मिर्जा, टीकाराम उनियाल, गोविंद नेगी, प्रमोद शर्मा, नरेश ठाकुर, श्रवण गर्ग, नाहिद खान, दिनेश गुप्ता, सफीक पांडे, जसवीर, नाजीर, क्रिस्टीना, रहमान, सुनील सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
