घोटालेबाज मंत्री की बर्खास्तगी को लेकर मोर्चा का हल्ला बोल — राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा
विकासनगर, 21 जून।
जन संघर्ष मोर्चा ने कृषि मंत्री गणेश जोशी की बर्खास्तगी की मांग को लेकर आज तहसील विकासनगर में जोरदार प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार श्री असवाल की उपस्थिति में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
नेगी ने मंत्री गणेश जोशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि –
“यह मंत्री घोटालों को अंजाम देने में माहिर है। चाहे उद्यान निदेशक बवेजा को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में SLP दाखिल कराना हो, या कृषि मित्र मेले में कथित भ्रष्टाचार हो, हर जगह इनका नाम सामने आता है।”
उन्होंने कहा कि मंत्री पर तराई बीज विकास निगम की परिसंपत्तियों की नीलामी, जैविक खेती, बागवानी, निर्माणाधीन सैन्य धाम में अनियमितताएं, और विदेशी दौरों में सरकारी धन की बर्बादी जैसे गंभीर आरोप हैं।
नेगी ने आरोप लगाया कि
“महज 5-7 वर्षों में मंत्री ने अपने परिजनों व गुर्गों के नाम पर सैकड़ों करोड़ की अघोषित संपत्ति अर्जित कर ली है। जो व्यक्ति कभी मुफलिसी में जीवन जीता था, वह आज कैसे अरबों का मालिक बन गया?”
मोर्चा ने उच्च न्यायालय द्वारा मंत्री को भेजे गए नोटिस का हवाला देते हुए सरकार से तत्काल मंत्री की बर्खास्तगी की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की गई है कि मंत्री और उनके करीबियों की संपत्तियों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।
मोर्चा का कहना है कि इस भ्रष्टाचार के कारण प्रदेश की छवि राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल हो रही है।

प्रदर्शन में उपस्थित प्रमुख लोग
मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजयराम शर्मा, दलबीर सिंह, महिपाल सिंह रावत, राम सिंह तोमर, अनिल आर्य, सरोज गांधी, मान चंद्र राणा, भीम सिंह बिष्ट, अंकुर वर्मा, दीपांशु अग्रवाल, नाहिद खान, शाहनज़र, क्रिस्टीना, मनीष नेगी, सलीम मिर्जा समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जन संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार जल्द कार्रवाई नहीं करती, तो राज्यभर में आंदोलन छेड़ा जाएगा।